फर्रुखाबाद। गंगा नदी के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 137.10 मीटर दर्ज किया गया था, जो शाम 4 बजे बढ़कर 137.15 मीटर पहुंच गया। जिले में गंगा का खतरे का निशान 137.10 मीटर है। इस तरह गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 5 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है।
जलस्तर बढ़ने से गंगा के तटीय और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बीते दिनों जिले के कई गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं और जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन, पशुओं के चारे तथा दैनिक जरूरतों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।


