बिजली और सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल, घटना के बाद कर्मचारियों में मचा हड़कंप
अमृतपुर
बाढ़ के बीच कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात संग्रह अनुसेवक को अंधेरे में सर्प ने डस लिया। घटना ने बाढ़ कंट्रोल रूम में प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमृतपुर कस्बा निवासी सुनील अवस्थी पुत्र राधेश्याम अवस्थी तहसील अमृतपुर में संग्रह अनुसेवक के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह बाढ़ कंट्रोल रूम में ड्यूटी कर रहे थे। शौचालय जाने के लिए बाथरूम की ओर पहुंचे तो वहां अंधेरा था। इसी दौरान बाथरूम में मौजूद सर्प ने उन्हें डस लिया।
सर्पदंश के बाद सुनील की हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा काफी देर तक झाड़-फूंक कराए जाने के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया। सुनील ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
सुनील के अनुसार, बाथरूम में उस समय बिजली की व्यवस्था नहीं थी और उनके पास टॉर्च भी नहीं थी। अंधेरे के कारण उन्हें सर्प दिखाई नहीं दिया और अचानक सर्पदंश की घटना हो गई।
घटना के बाद बाढ़ कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चौबीसों घंटे ड्यूटी के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, टॉर्च और अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है। कर्मचारियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। अब कर्मचारियों ने कंट्रोल रूम में समुचित बिजली और सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग उठाई है।


