– 250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक भारत का संकल्प
लखनऊ। स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस), लखनऊ में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, लखनऊ के सहयोग से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ, शांतिपूर्ण और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, महानिदेशक (तकनीकी), ने अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच और आत्म-अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।
बी.के. राधा दीदी ने युवा पीढ़ी पर नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और इससे होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से बचाव के उपाय बताए और ध्यान का संक्षिप्त अभ्यास भी कराया। इससे विद्यार्थियों को मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराने का प्रयास किया गया।
बी.के. राहुल भाईजी ने योग एवं साधना के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा देने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योग, ध्यान और आत्म-अनुशासन युवाओं को नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखने तथा उनकी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने में सहायक हैं।
कार्यक्रम में बी.के. डॉ. ए.पी. पाण्डेय एवं बी.के. मीनाक्षी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ नशामुक्त भारत की शपथ ग्रहण कराई।
इस अवसर पर डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, प्रो. मोहम्मद हुसैन, डॉ. आशा कुलश्रेष्ठा, सुनीत मिश्रा, सुजाता सिन्हा, डॉ. शोभना सिंह सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 250 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संदेश दिया कि युवाओं में जागरूकता, आत्म-अनुशासन, योग और ध्यान को बढ़ावा देकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज की मजबूत नींव रखी जा सकती है।


