फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में पांचाल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सावन माह और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिला गंगा समिति की टीम ने विशेष अभियान चलाकर घाट पर स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं को गंगा की निर्मलता बनाए रखने और सुरक्षित स्नान के लिए जागरूक किया।
जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल के नेतृत्व में गंगा योद्धाओं ने पांचाल घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाट पर फैली प्लास्टिक, पॉलीथिन, खंडित मूर्तियां, कपड़े और अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर उनका निस्तारण किया गया।
जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगा जल लेने पांचाल घाट पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए जिला गंगा समिति की ओर से सुबह और शाम नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को नदी को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान लोगों को गंगा नदी में पूजा सामग्री, कपड़े और अन्य अपशिष्ट विसर्जित करने से रोका गया। श्रद्धालुओं को गंगा की महत्ता बताते हुए नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की अपील की गई। वहीं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गंगा जल लेने पहुंचे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से भी रोका गया। लोगों से सावधानीपूर्वक स्नान करने तथा अत्यधिक गहराई में न जाने की अपील की गई।
पांचाल घाट पर चला गंगा स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं को स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक


