लखनऊ। योगी सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा पुलिस फेरबदल करते हुए नौ जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय को हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह झांसी के एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ की कमान सौंपी गई है। मेरठ में प्रदर्शनकारियों से कथित मारपीट के मामले को लेकर एसएसपी अविनाश पांडेय लगातार विवादों में थे।
सुल्तानपुर की एसपी चारू निगम को भी कप्तानी से हटाकर यूपी-112 का एसपी बनाया गया है। गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर भेजा गया है। संभल के चर्चित एसपी केके बिश्नोई को बिजनौर का कप्तान बनाया गया है, जबकि विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल की जिम्मेदारी मिली है।
बिजनौर के एसपी अभिषेक को गोंडा भेजा गया है। बलरामपुर के एसपी विकास कुमार को झांसी स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का एसपी बनाया गया है।
मेरठ में 16 मई को दलित युवती ललिता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि प्रदर्शनकारियों को पुलिस वैन में घुसकर पीटा गया और थप्पड़ मारे गए। इसके बाद विभिन्न संगठनों ने एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी। गुरुवार को भी एक संगठन ने कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू किया था।
23 नए IPS अफसरों को भी पहली तैनाती
सरकार ने इससे पहले 23 नए आईपीएस अधिकारियों को भी नियमित फील्ड पोस्टिंग दी। इनमें 2023 बैच के 12 और 2024 बैच के 11 अधिकारी शामिल हैं। हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और कमिश्नरेट में ASP और ACP की जिम्मेदारी दी गई है।
IIT गुवाहाटी से बीटेक करने वाले 2023 बैच के आईपीएस दिनेश गोदारा को अयोध्या में ASP बनाया गया है। दिल्ली निवासी आईपीएस शुभम जैन को वाराणसी कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि मध्य प्रदेश के जबलपुर की सृष्टि जैन को अलीगढ़ में तैनाती मिली है। नए अधिकारियों की फील्ड पोस्टिंग से जिलों में पुलिसिंग को और मजबूत करने की उम्मीद है।


