मोहम्मदाबाद। व्यापारिक फर्म की रकम लेकर बेवर जा रहे मुनीम और चालक से तमंचे के बल पर 30 लाख रुपये लूटने की घटना का मोहम्मदाबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त पैशन मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में चालक का भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खाटू श्याम मंदिर के पास बेवर रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने इकोस्पोर्ट कार सवार दो लोगों को तमंचा दिखाकर नकदी से भरा बैग लूट लिया। बैग में व्यापारिक फर्म की रकम थी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल से लेकर ठंडी सड़क और बेवर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच में कार चालक शिवकुमार और मुनीम संदीप गौतम के बयानों में विरोधाभास सामने आया।
फर्म मालिक नवीन अग्रवाल से संपर्क करने पर उन्होंने भी कर्मचारियों पर संदेह जताया। 19 अगस्त को तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 282/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान चालक शिवकुमार पुलिस और मालिक को चकमा देकर चला गया और बुलाने पर भी नहीं पहुंचा, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवकुमार अपने साथियों के साथ लूटी गई रकम लेकर कटिन्ना-मानकपुर मार्ग से बेवर की ओर भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर काले रंग की पैशन मोटरसाइकिल संख्या यूपी-84-यू-5698 को रोकने का प्रयास किया। भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि चालक शिवकुमार को पहले से पता था कि उसे मुनीम के साथ व्यापारिक फर्म की रकम लेने जाना है। उसने अपने भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू और साथियों विशाल उर्फ सीटू व उमेश उर्फ ततैया के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। 18 अगस्त को सत्यम ट्रेडर्स से 18 लाख और दीक्षित निर्माण निकेतन से 12 लाख रुपये लेने के बाद शिवकुमार ने खाटू श्याम मंदिर के पास सुनसान स्थान पर जानबूझकर कार रोक दी। इसके बाद उसके साथी बाइक से पहुंचे और मुनीम को तमंचा दिखाकर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रकम फर्रुखाबाद के वीरपुर क्षेत्र में छिपा दी थी और बाद में उसका बंटवारा कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार पुत्र स्व. विजयपाल निवासी कोल्हार, थाना घिरोर, मैनपुरी, विशाल उर्फ सीटू पुत्र उपेंद्र सिंह निवासी कल्होर तथा उमेश उर्फ ततैया पुत्र कुंवर पाल निवासी कोल्हार शामिल हैं। कुंवर बहादुर उर्फ सोनू फरार है।
पुलिस ने शिवकुमार से 10 लाख, विशाल उर्फ सीटू से आठ लाख और उमेश उर्फ ततैया से छह लाख रुपये, कुल 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पैशन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।


