नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े कथित टेंडर घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। ACB के अनुसार, यह गिरफ्तारी 18 अगस्त 2026 को दस्तावेजी, इलेक्ट्रॉनिक और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सत्येंद्र कुमार जैन, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO एवं IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय, पूर्व कॉन्ट्रैक्चुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के मालिक नागेंद्र यादव, Euroteck Environment Pvt. Ltd. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और Srijanhar के मालिक पंकज वर्मा शामिल हैं। मामला FIR संख्या 10/2024, दिनांक 11 मई 2024 से जुड़ा है। FIR में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अलावा IPC की धारा 420, 409, 418 और 120-B के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ACB की जांच के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के उन्नयन और क्षमता बढ़ाने के लिए जारी टेंडर में कथित तौर पर ऐसी तकनीकी शर्तें रखी गईं, जिनसे प्रतिस्पर्धा सीमित हुई और Euroteck Environment Pvt. Ltd. को फायदा पहुंचने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई और तकनीक व मीडिया से जुड़ी प्रतिबंधात्मक शर्तें शामिल की गईं। साथ ही, कॉरिजेंडम के जरिए टेंडर की तकनीकी शर्तों में कथित बदलाव किए गए।
ACB के अनुसार, वित्तीय जांच में 1.52 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत/कमीशन का पता चला है। एजेंसी का आरोप है कि यह रकम AN Enterprises के माध्यम से उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों तक पहुंची और बाद में कथित तौर पर अचल संपत्ति खरीदने में इस्तेमाल की गई। ACB इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर निजी पक्षों और सरकारी अधिकारियों के बीच टेंडर दस्तावेजों, तकनीकी शर्तों और कॉरिजेंडम के आदान-प्रदान की भी जांच कर रही है।
ACB का कहना है कि छहों आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। एजेंसी कथित मनी ट्रेल और अपराध से अर्जित धन की आगे जांच कर रही है। फिलहाल आरोप जांच एजेंसी के दावों पर आधारित हैं और सभी आरोपियों की कानूनी स्थिति आगे की न्यायिक प्रक्रिया में तय होगी। इससे पहले ED भी दिल्ली जल बोर्ड टेंडर मामले में सत्येंद्र जैन समेत 14 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।


