शाहजहांपुर।जैतीपुर दहेज की खातिर ससुराल वालों द्वारा एक विवाहिता को बुरी तरह पीटकर घर से निकाल देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, जेठ और जेठानी समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग खेड़ा रठ की रहने वाली फूलमती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 15 जून 2024 को बदायूं के टिकरा बछेली निवासी वीरपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे कम दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपी उससे दहेज में एक मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नगद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
जेवर छीनकर रास्ते में छोड़ा पीड़िता का आरोप है कि बीते 25 दिसंबर 2025 को ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसके सारे जेवर और कीमती सामान छीन लिए और उसे जबरन खेड़ा बझेड़ा के पास लावारिस छोड़ दिया। तब से पीड़िता अपने मायके में रहने को मजबूर है और इस दौरान ससुराल वालों ने उसकी कोई सुध नहीं ली।
पुलिस ने शुरू की जांच विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति वीरपाल, जेठ मुन्नालाल, जेठानी कौशल्या और चचेरे जेठ धर्मेंद्र समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, घर से निकाला; पति समेत पांच ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज


