मोहम्मदाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान टावर रैली हाईवे समेत अलग-अलग मार्गों पर हुई दुर्घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को निजी वाहनों और डायल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा ने सभी घायलों का उपचार किया।
घायलों में मैनपुरी जनपद के कुरावली निवासी डाक कांवड़ लेकर गंगाजल लेने जा रहे अभिषेक पुत्र दिलीप (18) और अनूप पुत्र सत्यपाल (20) शामिल हैं। इसके अलावा बेवर निवासी जयचंद पुत्र ओमप्रकाश (30) और सिंटू पुत्र शीशराम (32), पट्टी खुर्द निवासी अनमोल पुत्र बेचेलाल (18), अनिल पुत्र बांकेलाल तथा अरुण पुत्र राजवीर भी घायल हुए।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस टीमों की तैनाती और मौके पर मौजूदगी के चलते किसी भी घटना में बड़ी जनहानि नहीं हुई।


