बाराबंकी: सावन के तीसरे सोमवार पर भगवान शिव की भक्ति में डूबे बाराबंकी (Barabanki) में कांवड़ियों (Kanwariyas) का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। महादेवा मंदिर रामनगर, बुढ़वा बाबा मंदिर रामसनेहीघाट और औसानेश्वर मंदिर हैदरगढ़ में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों पर जिला प्रशासन की ओर से पुष्पवर्षा की गई। हेलीकॉप्टर के जरिए हुई पुष्पवर्षा के बीच कांवड़ियों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाए।
रामनगर के प्रसिद्ध महादेवा मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचे। भगवा वस्त्रों में हाथों में कांवड़ लिए शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशासन की ओर से कांवड़ियों का फूलों की पंखुड़ियों से स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा होते ही कांवड़ियों के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। रामसनेहीघाट स्थित बुढ़वा बाबा मंदिर जाने वाले कांवड़ियों पर भी पुष्पवर्षा की गई। कांवड़ियों के जत्थे हर-हर महादेव और बोल बम का उद्घोष करते हुए आगे बढ़ते रहे।
वहीं, हैदरगढ़ के औसानेश्वर मंदिर की ओर जल चढ़ाने जा रहे शिवभक्तों पर भी प्रशासन ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। जिला प्रशासन ने सावन सोमवार को देखते हुए प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं, कांवड़ियों के स्वागत के लिए की गई पुष्पवर्षा ने धार्मिक यात्रा को उत्सव का रूप दे दिया।


