मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शून्य मृत्युदर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले वित्तीय वर्ष में नियम तोड़ने वालों से 474 करोड़ रुपये शुल्क वसूला गया। वहीं चार महीने में 5 लाख चालान काटकर 172 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया।
नोएडा- विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल सक्रिय
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ने लगी है। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने सेक्टर-62 में जिला अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता मौजूदा हालात से परेशान है।
गोंडा- तांत्रिक के दावे पर कब्र से निकाला बच्चे का शव
छपिया थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का हैरान करने वाला मामला सामने आया। तांत्रिक के बच्चे को जिंदा करने के दावे पर परिजनों ने कब्र खोदकर शव बाहर निकाला और उसे जड़ी-बूटी पिलाई। करीब तीन घंटे तक बच्चे के जीवित होने का इंतजार किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद शव को दोबारा दफना दिया गया।
कासगंज- नाबालिगों की तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार
पटियाली क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिगों की तस्करी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले बताए गए हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
कानपुर- हथकरघा दिवस पर फैशन शो और प्रदर्शनी का आयोजन
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान कानपुर पहुंचे, जहां हथकरघा दिवस के अवसर पर फैशन शो और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हथकरघा और खादी से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। मंत्री ने लोगों से स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने और खादी-हथकरघा वस्त्र अपनाने की अपील की।


