मथुरा: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) की पत्नी सोनल शाह रविवार को धार्मिक यात्रा पर मथुरा (Mathura) पहुंचीं। उन्होंने गोवर्धन के दानघाटी मुखारविंद मंदिर और वृंदावन के श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन किए, उनका वीवीआईपी कार्यक्रम गोपनीय रखा गया था।
सोनल शाह ने सबसे पहले गोवर्धन के दानघाटी मुखारविंद मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद पर्वत पर दूध चढ़ाया गया। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजा कराई और सोनल शाह को ठाकुर जी का साफा प्रसाद दुपट्टा भेंट कर आशीर्वाद दिया।
इसके बाद सोनल शाह का काफिला वृंदावन के श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचा। यहां भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई और उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन किए।
हरियाली तीज का पर्व और रविवार होने के कारण मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। वृंदावन स्थित श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रविवार को तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बांके बिहारी के दर्शन किए और देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि वीकेंड होने के कारण दूरदराज से लाखों श्रद्धालु श्री ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के अलावा प्रेम मंदिर, राधा रमण और राधा दामोदर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
वृंदावन में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अस्थाई पार्किंग बनाई गई है। जाम की समस्या से बचने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।


