डॉ. वैभव पाठक, डॉ. राजीव पाठक सहित पूरे स्टाफ ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
फर्रुखाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूरज अल्ट्रासाउंड सेंटर परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। सेंटर पर चिकित्सक डॉ. वैभव पाठक एवं उनके पिता तथा राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय सचिव डॉ. राजीव पाठक ने पूरे स्टाफ की मौजूदगी में विधिवत तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर डॉ. राजीव पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की अपनी जिम्मेदारी है और हमें अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी एवं समर्पण के साथ देशसेवा करनी चाहिए।
डॉ. वैभव पाठक ने कहा कि तिरंगा हम सभी के लिए गौरव, एकता और राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सूरज अल्ट्रासाउंड सेंटर का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने राष्ट्रहित में कार्य करने और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान सेंटर परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।


