फर्रुखाबाद/राजेपुर। राजेपुर थाना क्षेत्र के उजरा मऊ गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, पीतल के बर्तन, गृहस्थी का सामान और मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना के समय मकान मालिक अपने परिवार के साथ दिल्ली में मजदूरी करने गया हुआ था। सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो घटना की जानकारी फोन पर मकान मालिक को दी।
गांव निवासी देशराज पुत्र नथु ने राजेपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है और करीब एक महीने में एक बार गांव स्थित अपने मकान पर आता है। बीती रात अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोर देशराज की पत्नी के सोने के जेवरात, जिसमें मांगबेदी, नथनी, अंगूठी और हार शामिल हैं, के अलावा चांदी की तीन जोड़ी पायल और कमरबंद भी चोरी कर ले गए। इसके साथ ही घर में रखे पीतल के बर्तन, गृहस्थी का अन्य सामान तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोर अपने साथ ले गए।
सुबह जब आसपास के लोगों की नजर मकान के टूटे हुए ताले और खुले दरवाजे पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल दिल्ली में रह रहे देशराज को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद देशराज गांव पहुंचे। घर के अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला और चोरी की घटना की जानकारी हुई। तलाशी के दौरान मकान से करीब 100 मीटर दूर एक बक्सा पड़ा हुआ मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर सामान निकालने के बाद बक्सा बाहर ले गए थे।
घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने के लिए जांच की जा रही है।


