फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार देर रात गांधी गांव के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से डाक कांवड़ लेकर जा रहे 22 वर्षीय कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद साथी कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गदाखेड़ा गांव निवासी शिवकुमार अपने करीब 55 साथियों के साथ पांचाल घाट से डाक कांवड़ लेकर गोला जा रहे थे। गांधी गांव के पास पीछे से आए डंपर ने शिवकुमार को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कांवड़ियों ने डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
जाम की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार और राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका।
परिजनों के अनुसार, शिवकुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


