फर्रुखाबाद। बाढ़ का प्रकोप लगातार जारी है और प्रभावित इलाकों में लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में परमार्थ संस्थान के अध्यक्ष केशवभान साध लगातार दूसरे दिन दिल्ली से फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली और इसके बाद विभिन्न बाढ़ग्रस्त गांवों का सघन दौरा कर जरूरतमंद परिवारों के बीच भोजन वितरित कराया।
बुधवार को केशवभान साध ने भैयन मिश्रा, कोमल पांडेय, संजय यादव सहित अन्य सहयोगियों के साथ दिलीप की मड़ैया और डोली की मड़ैया पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया। इन क्षेत्रों में इस बार बड़ी संख्या में मकानों को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ के कारण कई परिवारों के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
केशवभान साध ने बताया कि प्रभावित लोगों की दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन की मांग पर पिछली बार की तरह इस बार भी सोलर लाइट और टॉर्च वितरित की जाएंगी, ताकि बाढ़ के बीच रात के समय लोगों को रोशनी की समस्या का सामना न करना पड़े।
इस दौरान भैयन मिश्रा ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ में जिन परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोग बेघर हो गए हैं, उन्हें तत्काल रहने के लिए जमीन के पट्टे उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
केशवभान साध ने कहा कि परमार्थ संस्थान की ओर से जल्द ही दो-तीन स्थानों पर भट्ठियां लगाकर सामूहिक रूप से भोजन तैयार कराया जाएगा। जब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन की आवश्यकता रहेगी, तब तक संस्थान की ओर से भोजन बनाकर वितरण का सिलसिला जारी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। संस्थान प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जरूरतमंदों तक भोजन एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रखेगा।


