फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार को सदर तहसील क्षेत्र के विकासखंड बढ़पुर स्थित बाढ़ प्रभावित ग्राम दिलीप की मड़ैया और धौली की मड़ैया का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य समेत सभी आवश्यक सुविधाएं समय से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन हर समय तैयार रखें। राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ के पानी से मकानों के कटान से प्रभावित ग्रामीणों का सर्वे और सूचिकरण तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावित परिवारों को शासन के प्रावधानों के अनुसार तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जिन ग्रामीणों के आवास प्रभावित हुए हैं, उनके लिए आवासीय पट्टे की भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों को संकट की इस घड़ी में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें आवश्यक सहायता समय से उपलब्ध हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चौहान, नायब तहसीलदार मनीष वर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्यों का जायजा, कटान प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता के निर्देश


