कोलंबिया: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया (Colombia) में सोमवार सुबह शक्तिशाली भूकंप (Powerful earthquake) के तेज झटके महसूस किए गए। स्थानीय समय के अनुसार करीब सुबह 7 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई जा रही है। भूकंप के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और करीब 20 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हालांकि, राहत एवं बचाव एजेंसियां अभी नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही हैं।
भूकंप का केंद्र सैन होजे डेल पाल्मर के पास बताया गया, जो राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। कोलंबिया की National Unit for Disaster Risk Management के मुताबिक, भूकंप करीब 79 किलोमीटर की गहराई में आया। तेज झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में लोग अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा के अलावा पड़ोसी देशों वेनेजुएला और इक्वाडोर तक महसूस किए गए।
चोको प्रांत की राजधानी क्विबडो में भूकंप का खासा असर देखने को मिला। चोको की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-क्यूरी के अनुसार, यहां कई लोग घायल हुए हैं और कुछ इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। राहत और बचाव दल संभावित रूप से क्षतिग्रस्त इमारतों की जांच में जुटे हैं।
भूकंप के बाद अधिकारियों ने आफ्टरशॉक्स यानी बाद के झटकों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-क्यूरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि चोको प्रांत में एक बड़ा भूकंप महसूस किया गया है और फिलहाल सबसे बड़ी चिंता इसके बाद आने वाले झटकों को लेकर है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और क्षतिग्रस्त इमारतों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। राहत एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


