30.3 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

सहारनपुर में बाढ़ से बिगड़े हालात, स्पोर्ट्स कॉलेज के पास पुल हुआ क्षतिग्रस्त, दुकानों में घुसा पानी, गांवों का संपर्क कटा

Must read

सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर (Saharanpur) में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच घाड़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हालात बिगड़ने लगे हैं। सोमवार को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के जाटोवाला स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज (Sports College) के पास नदी का पानी तेज बहाव के साथ सड़क पर आ गया और पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं शिवालिक पहाड़ियों में रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद शाकंभरी देवी क्षेत्र में बाढ़ का पानी दुकानों तक पहुंच गया।

जाटोवाला क्षेत्र में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई जगह पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। तेज बहाव के कारण निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर जाने वाले पुल को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के मुताबिक पुल के नीचे पानी की निकासी के लिए लगाए गए पाइपों में कचरा फंसने से जलनिकासी प्रभावित हुई। इसके बाद गांगरोह नदी का पानी आसपास के इलाकों में फैल गया और असगरपुर तथा महमूदपुर तक पहुंच गया।

पानी कई किसानों के खेतों और आम-लीची के बागों में भी भर गया है। निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर तक पानी पहुंचने से स्थिति और चिंताजनक हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश जारी रही और नदी का जलस्तर और बढ़ा तो आसपास के गांवों में पानी घुस सकता है। कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और तहसील से पहले ही प्रभावित हो चुका है। महमूदपुर, असगरपुर और जाटोवाला समेत कई गांवों पर इसका असर पड़ने की आशंका है।

ग्रामीण राशिद प्रधान, मोहम्मद उस्मान, अनीस, रोबिन, मुंसद, शौकीन और अब्दुल ने बताया कि पिछले वर्ष भी बरसाती पानी गांव के भीतर तक पहुंच गया था। इस बार नदी का पानी तेजी से बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। शिवालिक पहाड़ियों में रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के खोल का जलस्तर भी बढ़ गया। बाढ़ का पानी नदी किनारे स्थित प्रसाद, खिलौने और अन्य सामान की दुकानों में घुस गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस बरसात में पहली बार शाकंभरी नदी में इतना अधिक पानी आया है। दुकानदारों ने सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन कई दुकानों में पानी भरने से सामान को नुकसान पहुंचा है। मूसलाधार बारिश का असर सहारनपुर-विकासनगर हाईवे पर भी पड़ा है। मिर्जापुर क्षेत्र में शाहपुर गाड़ा, पाडली और नौगांवा समेत कई बरसाती नदियां उफान पर आ गईं और उनका पानी हाईवे तक पहुंच गया। इससे यातायात प्रभावित हुआ और आसपास के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश और मैदानी इलाकों में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण बरसाती नदियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में परेशानी बनी हुई है।

 

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article