धेमाजी: असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा (Assam-Arunachal border) पर धेमाजी जिले के मिंगमांग बस्ती इलाके में जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद हिंसक हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश की ओर से आए अज्ञात बदमाशों ने असम के ग्रामीणों (villagers) पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में 8 असमी गांववाले घायल हुए हैं, जिनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह घटना सुबह असम-अरुणाचल प्रदेश इंटर-स्टेट बॉर्डर के मिंगमांग बस्ती क्षेत्र में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, असम की जमीन पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों द्वारा कथित कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और फायरिंग की घटना सामने आई।
अधिकारियों के मुताबिक, सीमा पार से आए हमलावरों ने असम के ग्रामीणों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। घायलों की पहचान दुर्गेश्वर पातिर, रोहित डोले, नागराज डोले, बिगेश्वर पातिर, पामे पेगु, संजय तयुंग, उत्पल डोले और जान डोले के रूप में हुई है। सभी घायलों को पहले गोगामुख रूरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को बेहतर इलाज के लिए धेमाजी सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया।
घटना के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्थिति का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों के मुख्य सचिव आपस में बातचीत कर रहे हैं, जबकि पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समन्वय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पुलिस की अतिरिक्त मदद मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि असम की जमीन का एक इंच भी नुकसान नहीं होना चाहिए।
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। दोनों राज्य बातचीत और सीमांकन के जरिए विवादित क्षेत्रों का समाधान तलाश रहे हैं। हालांकि, सीमा के कई हिस्से अब भी संवेदनशील बने हुए हैं। फायरिंग की इस घटना के बाद बॉर्डर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


