31.7 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

दूसरे सोमवार लोधेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा महादेवा

Must read

बाराबंकी। सावन मास के दूसरे सोमवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। भोर पहर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्तों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक और पूजन किया। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र शिवमय नजर आया।
रविवार देर रात से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार तड़के मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा का दर्शन किया। बड़ी संख्या में कांवड़िए पवित्र नदियों से जल लेकर लोधेश्वर पहुंचे और विधि-विधान से महादेव का अभिषेक किया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मंदिर परिसर से लेकर कांवड़ मार्ग तक व्यापक इंतजाम किए थे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से लोधेश्वर महादेवा मंदिर पहुंचकर दूसरे सोमवार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, कांवड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग, पुलिस पिकेट और पेट्रोलिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों के रूट डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। भीड़ के बीच किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे।
सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर यहां की धार्मिक आस्था और महादेव के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा को प्रदर्शित किया। दिन चढ़ने के साथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही और पूरा महादेवा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article