शाहजहांपुर निवासी अरविंद पाल की मौत से परिजनों में कोहराम, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अमृतपुर,
जनपद शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के खगिया नगला निवासी अरविंद पाल पुत्र रामरहीस की देर रात मौत हो गई। अरविंद पाल थाना अमृतपुर क्षेत्र के गूजरपुर पमारान गांव स्थित बाजार के निकट कॉस्मेटिक की दुकान चलाते थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।बताया गया कि देर रात किसी बात को लेकर अरविंद ने अपने कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संदीप कुमार और शिवकुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। शव देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिचित और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।अरविंद पाल अपने पीछे पत्नी रेखा देवी, दो पुत्र कौशल (11 वर्ष), गुलशन (8 वर्ष) और पुत्री अनन्या (6 वर्ष) को छोड़ गए हैं। वहीं मृतक की मां कुसुमा देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।बताया गया कि अरविंद तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। मिलनसार और सरल स्वभाव के होने के कारण उनकी लोगों के बीच अच्छी पहचान थी। उनके अचानक निधन की खबर से परिचितों और आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। अरविंद के अचानक चले जाने से परिवार ने अपना सहारा खो दिया। तीन मासूम बच्चों और परिजनों की आंखों से बहते आंसू इस दुखद घटना की पीड़ा बयां कर रहे हैं।


