शमसाबाद, फर्रुखाबाद। लोक निर्माण विभाग की सड़क पिछले एक साल से कटी पड़ी है। ग्राम पंचायत अजीजाबाद के मजरा बत्तीसा से भुलभुलापुर, दूँधा, गढ़िया, झौआ और चम्पतपुर समेत छह से अधिक ग्राम पंचायतों को शमसाबाद-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग खराब होने से हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण ग्रामीणों में जिम्मेदार विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है।
सड़क कटने से ग्रामीणों को शमसाबाद और फर्रुखाबाद जाने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, किसानों को खेतों तक पहुंचने और कृषि उपज बाजार तक ले जाने में परेशानी हो रही है। वहीं बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी ग्रामीणों के लिए मुश्किल बना हुआ है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है और कई बार आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क कटने के बाद लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और रोजमर्रा की जिंदगी सीधे प्रभावित हो रही है। मुख्य मार्ग से संपर्क टूटने के कारण ग्रामीणों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।


