फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर शहर की प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाई गईं कई स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं। रात होते ही हाईवे के कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हैरानी की बात यह है कि कुछ लाइटें रात में बंद रहने के बाद दिन में अचानक जलती दिखाई देती हैं।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईवे के दोनों ओर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इन लाइटों का उद्देश्य रात के समय हाईवे और आसपास के क्षेत्र को रोशन रखना था, लेकिन रखरखाव के अभाव में कई लाइटें खराब पड़ी हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी कराई गई थी, लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद कई लाइटें दोबारा बंद हो गईं। इससे व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। रात में पर्याप्त रोशनी न होने के कारण हाईवे से गुजरने वाले लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे शहर का प्रमुख मार्ग है और दिन-रात यहां वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में स्ट्रीट लाइटों का खराब होना सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर समस्या है। लोगों ने संबंधित विभाग से खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराने और दिन में जलने वाली लाइटों की तकनीकी खराबी दूर कराने की मांग की है, ताकि रात में हाईवे पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था बनी रहे।


