फर्रुखाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव ने सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने पर जिला परियोजना अधिकारी सुश्री निहारिका पटेल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव ने कहा कि समाज के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जब युवा सामाजिक सरोकारों के साथ आगे बढ़कर कार्य करते हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और समाज के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
सुश्री निहारिका पटेल द्वारा समय-समय पर जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। विशेष रूप से गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में जनपद स्तर पर लगभग दो हजार युवाओं को जागरूक कर इन अभियानों से जोड़ा गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इसके अलावा उनके निर्देशन में स्वच्छता अभियान, घाट संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, रक्तदान शिविर तथा महिला सशक्तिकरण जैसे कार्यक्रमों का भी नियमित आयोजन किया जा रहा है। इन पहलों से समाज में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश प्रसारित हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने निहारिका पटेल के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
निहारिका पटेल को मिला उत्कृष्ट सम्मान पत्र, जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया


