33 C
Lucknow
Monday, August 3, 2026

कायमगंज सीएचसी में परिवार नियोजन शिविर सफल, 14 महिलाओं की हुई सुरक्षित नसबंदी

Must read

फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनसंख्या स्थिरीकरण, सुरक्षित मातृत्व एवं स्वस्थ परिवार के उद्देश्य से सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) कायमगंज में परिवार नियोजन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक जांच के बाद 14 महिलाओं की सफलतापूर्वक महिला नसबंदी (ट्यूबल लिगेशन) की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य योग्य दम्पत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति जागरूक करना तथा जनपद में परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। शिविर के दौरान सभी लाभार्थियों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, प्रयोगशाला जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा ऑपरेशन से पूर्व एवं बाद की आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ऑपरेशन के बाद सभी महिलाओं को चिकित्सकीय निगरानी में रखकर आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आर्थिक सुदृढ़ता और बच्चों के बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा परिवार नियोजन की सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं और प्रशिक्षित विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने योग्य दम्पत्तियों से अपनी आवश्यकता के अनुसार परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर का निरीक्षण उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीसीपीएम) रणविजय प्रताप सिंह तथा विनोद (एफपी-एलएमआईएस) ने किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नसबंदी ऑपरेशन का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया। डॉ. कृष्णा बोस (डीजीओ) ने ऑपरेशन किए, जबकि टीम में डॉ. अरुण यादव (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. रोहित तिवारी (सर्जन), डॉ. ममता अरुण (डीजीओ), डॉ. मधू अग्रवाल (डीजीओ), नरेंद्र (ओटी टेक्नीशियन) तथा रीता (स्टाफ नर्स), जिला महिला चिकित्सालय शामिल रहे। सभी ऑपरेशन संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थियों एवं उनके परिजनों को गर्भनिरोधक गोलियां, कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, कंडोम सहित परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थायी साधनों की जानकारी भी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि दो बच्चों के बीच उचित अंतर रखने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है तथा बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर परिवार नियोजन संबंधी सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शिविर के सफल आयोजन पर सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में ऐसे विशेष शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सीएचसी कमालगंज तथा बुधवार को सीएचसी बरौन में भी परिवार नियोजन शिविर आयोजित किए जाएंगे। योग्य दम्पत्तियों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article