35.6 C
Lucknow
Saturday, August 1, 2026

लखनऊ में सीएम योगी से मिलने आई पीड़ित महिला टावर पर चढ़ी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

Must read

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के हजरतगंज क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला पार्क रोड स्थित मोबाइल टावर (Mobile tower) पर चढ़ गई। टावर के ऊपरी स्टील प्लेटफॉर्म पर बैठी महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के अनुसार महिला की पहचान आगरा कैंट निवासी तुलसा के रूप में हुई है। उसके साथ उसका नाबालिग बेटा भी था, जो पूरे घटनाक्रम के दौरान टावर के नीचे खड़ा रहा। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ आई थी। जब उसे अपनी बात रखने का कोई रास्ता नहीं मिला तो उसने विरोध स्वरूप टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।

महिला का आरोप है कि 26 जुलाई को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उसके 12 वर्षीय बेटे पर बैग चोरी का आरोप लगाकर कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और नकदी व मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। महिला ने आरोप लगाया कि इस मामले में उसे कहीं से न्याय नहीं मिला, इसलिए वह मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ पहुंची थी।

सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उससे बातचीत की गई। आगरा पुलिस और उसके परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन उसे अपने साथ आगरा ले गए। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक जांच और आगे की कार्रवाई की जा सके।

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article