अयोध्या। अयोध्या स्थित मेडिकल कॉलेज में एक छात्र से कथित रूप से संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। छात्र बलरामपुर का निवासी बताया जा रहा है और वह मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल प्रथम वर्ष का छात्र है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र की लैब में ड्यूटी के दौरान उसके पास से एक पर्ची बरामद होने का दावा किया गया। बताया जा रहा है कि पर्ची में विस्फोटक बनाने से संबंधित कथित विवरण लिखा हुआ था। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद पर्ची किस उद्देश्य से रखी गई थी तथा उसका स्रोत क्या है।
फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


