लखनऊ। दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में 3 से 10 अगस्त तक विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने संबंधित अधिकारियों को रोजगार मेलों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
रोजगार मेलों में विभिन्न निजी एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि योग्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें। साथ ही स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिकाधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे वे सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठा सकें।


