लखनऊ। घर खरीदारों की सुविधा और रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) जनवरी में एआई पोर्टल 2.0 लॉन्च करने जा रहा है। नए पोर्टल के माध्यम से खरीदारों को चैटबॉट और मोबाइल ऐप के जरिए 24 घंटे, सातों दिन परियोजनाओं और बिल्डरों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी।
नए एआई आधारित पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति एक क्लिक में किसी बिल्डर का रिकॉर्ड देख सकेगा। बिल्डर के खिलाफ दर्ज शिकायतों की संख्या, उनकी वर्तमान स्थिति और परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी चैटबॉट तत्काल उपलब्ध कराएगा।
इसके अलावा पोर्टल पर डिफॉल्टर बिल्डरों, समय से पीछे चल रही परियोजनाओं और रेरा के आदेशों का पालन न करने वाले बिल्डरों की जानकारी भी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इससे घर खरीदने वाले लोग निवेश से पहले पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
यूपी रेरा का उद्देश्य एआई तकनीक के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण, सूचना उपलब्ध कराने और पारदर्शिता बढ़ाने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना है। अधिकारियों के अनुसार, एआई पोर्टल 2.0 लागू होने के बाद खरीदारों को विश्वसनीय जानकारी तेजी से उपलब्ध होगी, जिससे वे बेहतर और सुरक्षित निवेश का निर्णय ले सकेंगे।


