लखनऊ। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने सभी जिलाधिकारियों और नगर निकाय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शासन ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में विश्राम स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही यात्रा मार्गों पर 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि कांवड़ मार्गों की प्रतिदिन साफ-सफाई कराई जाए। नगर निकायों को सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के लिए कहा गया है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


