33.1 C
Lucknow
Thursday, July 30, 2026

दर्दनाक सड़क हादसा: एम्बुलेंस की टक्कर से महिला की मौत, स्कूटी एक किलोमीटर तक घसीटी गई

Must read

 

बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एम्बुलेंस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, त्रिवेदीगंज कट के पास स्कूटी सवार दंपति को तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी एम्बुलेंस के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे में रामावती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति लक्ष्मी नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद भी एम्बुलेंस चालक ने वाहन नहीं रोका और स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता चला गया। बाद में चालक नहर के पास एम्बुलेंस छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही लोनीकटरा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना के कारणों और चालक की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article