फर्रुखाबाद । के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत जसमई के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से आ रही साहिबाबाद डिपो की एसी रोडवेज बस और कायमगंज की ओर जा रहे एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे साहिबाबाद डिपो की एसी बस दिल्ली से फर्रुखाबाद की ओर आ रही थी। जैसे ही बस मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के जसमई के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस चालक विनय चौहान, निवासी नेकपुर चौरासी, तथा परिचालक आकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
राहत की बात यह रही कि बस में मौजूद दो से तीन यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज एसी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, चालक-परिचालक गंभीर घायल


