लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने छात्रों पर गोली चलवाने के आरोपों को विपक्ष की ओर से फैलाया जा रहा भ्रम और अफवाह करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आरोपों के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति में कार्रवाई का निर्णय स्थानीय प्रशासन परिस्थितियों के अनुसार लेता है। ऐसे मामलों को राजनीतिक रंग देना और सरकार पर निराधार आरोप लगाना पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “छात्रों पर गोली चलवाने का आरोप पूरी तरह अफवाह है। विपक्ष को इस तरह की भ्रामक बातें फैलाना बंद करना चाहिए।” उनके अनुसार, सरकार छात्रों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कानून के दायरे में रहकर ही प्रशासनिक कार्रवाई की जाती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है, जबकि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है।


