– शक्ति प्रदर्शन और रैली पर पुलिस की कार्रवाई
कानपुर देहात। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर हाल ही में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हुए जितेंद्र सिंह गुड्डन के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई अकबरपुर और रनियां क्षेत्र में निकाले गए रैली एवं शक्ति प्रदर्शन को लेकर की गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू होने के बावजूद जितेंद्र सिंह गुड्डन ने समर्थकों के साथ रैली और काफिला निकाला। आरोप है कि इस दौरान करीब 60 से 70 वाहनों का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
इसी मामले में अकबरपुर और रनियां थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जितेंद्र सिंह गुड्डन अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हैं, जबकि उनकी पत्नी दीपाली सिंह गुड्डन वर्तमान में अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष हैं। हाल ही में उनके भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल होने के बाद यह शक्ति प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निषेधाज्ञा लागू होने के दौरान बिना अनुमति रैली, जुलूस या बड़े काफिले का आयोजन नियमों का उल्लंघन है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


