लखनऊ। राजधानी के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में दर्ज किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय सुमित रावत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की सूचना मिलने के बाद सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को उसकी तलाश में लगाया गया था।
जांच और सघन अभियान के दौरान पुलिस ने किशोरी को पारा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी सुमित रावत को गिरफ्तार कर लिया गया।
आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।


