34.2 C
Lucknow
Tuesday, July 28, 2026

राजपूत मार्केट में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, दो रेडीमेड कपड़ों की दुकानें जलकर राख

Must read

 

कम्पिल (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के कस्बा कम्पिल स्थित राजपूत मार्केट में मंगलवार देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने दो रेडीमेड कपड़ों की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल देखते ही देखते जलकर राख हो गया। घटना से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दुकानदार आलोक राठौर उर्फ पिंकू को देर रात फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। वह तत्काल मौके पर पहुंचे तो दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

आलोक राठौर ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण उनकी रेडीमेड कपड़ों की दुकान पूरी तरह जल गई। दुकान में रखा कपड़ों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान नष्ट हो गया, जिससे उन्हें लगभग 7 लाख का नुकसान हुआ।

दोनों दुकानों के बीच बनी लकड़ी की पार्टिशन के कारण आग तेजी से फैल गई और बगल में स्थित मुखराम राजपूत, निवासी अकराबाद, की रेडीमेड कपड़ों की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। मुखराम राजपूत ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जल गया, जिससे उन्हें करीब 1.50 लाख का नुकसान हुआ।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक सहायता दिलाने तथा बाजार में विद्युत व्यवस्था की जांच कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article