33.4 C
Lucknow
Monday, July 27, 2026

नेपाल सीमा पर संचालित अंतरराष्ट्रीय अवैध कॉल सेंटर की जांच तेज

Must read

– आरोपी समीर बाबू 5 दिन की एटीयस रिमांड पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास संचालित कथित अंतरराष्ट्रीय अवैध कॉल सेंटर के खुलासे के बाद जांच लगातार तेज हो गई है। मामले की जांच कर रही उत्तर प्रदेश एटीएस ने गिरफ्तार आरोपी समीर बाबू को पांच दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ से पूरे नेटवर्क और उसके विदेशी संपर्कों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
एटीएस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए चीन, दुबई और वियतनाम से जुड़े लोगों के साथ क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से वित्तीय लेनदेन किए जाने के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसियां अब इन लेनदेन की पूरी डिजिटल ट्रेल खंगाल रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धन का स्रोत क्या था और उसका उपयोग किन गतिविधियों में किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी समीर बाबू केरल के मलप्पुरम जिले का निवासी है। एटीएस उससे पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे, कॉल सेंटर का संचालन कब से हो रहा था और देश-विदेश में इसके संपर्क किन लोगों से थे।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां कॉल सेंटर के तकनीकी उपकरणों, मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजिटल वॉलेट, बैंक खातों और क्रिप्टो ट्रांजैक्शन का गहन विश्लेषण कर रही हैं। साथ ही उन लोगों की भी तलाश की जा रही है जिन्होंने नेटवर्क के संचालन, वित्तीय लेनदेन या तकनीकी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की सहायता की थी।
एटीएस का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से पूरे सिंडिकेट, उसके विदेशी कनेक्शन और डिजिटल फंडिंग नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच विभिन्न पहलुओं पर जारी है और एजेंसी किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article