लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में जानकीपुरम थाना क्षेत्र स्थित जानकीपुरम गार्डन (Janakipuram Garden) में चोरों ने एक किराए के मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित अभिषेक सिंह मूल निवासी माइकलगंज, लखीमपुर हैं और पिछले करीब डेढ़ वर्ष से जानकीपुरम गार्डन में परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अभिषेक सिंह बीते शनिवार को शाम करीब 4 बजे अपने किराए के माकन से परिवार सहित संडीला गए थे। रविवार रात करीब 8 बजे वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला और सामान बिखरा हुआ था, बक्सा खुला था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से ₹25 हजार नकद, पायल, बिछिया की तीन जोड़ी तथा मंगलसूत्र चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना तत्काल जानकीपुरम थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।


