38.6 C
Lucknow
Sunday, July 26, 2026

प्रयागराज एक्सप्रेस से कूदकर युवक-युवती की मौत, मिर्जापुर के दोनों मृतकों की हुई पहचान

Must read

प्रयागराज एक्सप्रेस से चलती ट्रेन से कूदने के बाद जान गंवाने वाले युवक और युवती की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के असवा गांव निवासी 22 वर्षीय करन निषाद और 18 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई है। दोनों के शव शुक्रवार को रेलवे ट्रैक के किनारे सरायभूपत रेलवे स्टेशन के पास मिले थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों हरियाणा से घर लौट रहे थे और सफर के दौरान चलती ट्रेन से कूद गए। मामले की जांच जीआरपी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शिवानी आठ जुलाई से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी उसके परिजनों ने जिगना थाने में दर्ज कराई थी। आरोप था कि पड़ोस में रहने वाला करन निषाद उसे अपने साथ ले गया था। दोनों परिवार मजदूर वर्ग से हैं और एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। करन अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था, जबकि शिवानी दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर थी।

परिजनों को तलाश के दौरान पता चला कि दोनों हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में रह रहे हैं। इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्य उन्हें साथ लेकर गुरुवार रात प्रयागराज एक्सप्रेस से घर लौट रहे थे। सभी लोग ट्रेन के जनरल कोच में एक साथ यात्रा कर रहे थे। शिवानी के पिता के अनुसार, रात करीब एक बजे तक सभी जाग रहे थे, लेकिन रात दो से ढाई बजे के बीच यह घटना हुई। यात्रियों ने बताया कि पहले शिवानी चलती ट्रेन से कूद गई और उसके तुरंत बाद करन भी उसके पीछे कूद गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। ट्रेन में करन की मां शीला देवी और उसके जीजा विजय निषाद भी मौजूद थे। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। शिवानी की मां जयदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। जीआरपी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article