बागपत: मेरठ एसटीएफ व सिंघावली अहीर पुलिस ने संयुक्त रूप से सैड़भर के खेतों में कुख्यात सुनील मूंछ का शार्प शूटर 50 हजार का इनामी विपुल उर्फ खूनी मुठभेड़ में ढेर हो गया।उनके पास से दो पिस्टल, कारतूस के कई खोखे व अपाचे बाइक बरामद हुई। उसके विरुद्ध संगीन धाराओं के 38 मुकदमे दर्ज है।
एसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक शामली के कांधला क्षेत्र के ग्राम भभीसा निवासी विपुल उर्फ खूनी निवासी नेत्रपाल सिंह की शनिवार शाम करीब पांच बजे ग्राम सैड़भर के खेतों में सिचाई विभाग की कोठी के पास लोकेशन मिली। मेरठ एसटीएफ व सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से उसकी घेराबंदी की।
आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। कई पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बचे। आत्मरक्षार्थ फायर की तो विपुल को एक गोली लग गई। इसके बाद जमीन पर गया। उसे पिलाना सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों के रेफर करने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने चेकअप कर उसे मृत घोषित किया। उसके पास से दो पिस्टल .32 बोर, कारतूस के खोखों का जखीरा व अपाचे बाइक बरामद हुई।
आरोपित विपुल कुख्यात सुशील मूंछ के गिरोह का सक्रिय सदस्य व शार्प शूटर था। उसके विरुद्ध हत्या, लूट, डकैती, अपहरण व अन्य संगीन धाराओं के 38 मुकदमे दर्ज हैं। विपुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 14 जुलाई 2014 को भभीसा गांव के अशोक के भाई पवन की हत्या की थी। इस घटना का कांधला थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ था। केस अदालत में ट्रायल पर है।
इस केस में आरोपित जमानत पर जेल से बाहर था, लेकिन अदालत में तारीख पर नहीं जा रहा था। अदालत से उसके गैर जमानती वारंट जारी हो गया था। विपुल ने अशोक से कुछ दिन पहले मुकदमे में खर्च हुए रुपये की मांग की थी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित अशोक ने कांधला थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। इस केस में वांछित होने पर विपुल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। इसके पहले विपुल ने वर्ष 2014 में शामली के एलम में एक बहुत चर्चित अपराधी भीम निवासी ग्राम भभीसा को उसकी एक परिचित महिला मित्र के घर बुलाकर लोहे की रोड से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। इस घटना में उसके फुफुेरे भाई सुमित व अमित शामिल रहे थे।
वर्ष 2017 में विपुल ने अपनी बहन की ससुराल ग्राम मानपुर (सहारनपुर) में एक गाड़ी लूटी थी। इसके बाद इसी गांव की तत्कालीन ग्राम प्रधान की पुलिस से मुखबिर की शक में अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। आरोपित ने बागपत में भी हत्या, लूट समेत कई घटनाओं को अंजाम दिया था।


