तूफानी दौरे में आठ बाढ़ संभावित गांवों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश—ग्रामीणों की सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
अमृतपुर
गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अमृतपुर की उपजिलाधिकारी श्वेता साहू पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपदा से पहले हालात पर नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह यादव के साथ बाढ़ प्रभावित होने वाले संवेदनशील गांवों का व्यापक निरीक्षण किया और तैयारियों का मौके पर जाकर जायजा लिया।एसडीएम श्वेता साहू ने भूड़िया भेड़ा, मे पहुंच कर क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया और कहा कि इस मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। इसकेसाथ ही रामपुर जोगराजपुर, नगरिया जवाहर, सबलपुर, तीसराम की मढ़ैया, जिठौली, आंतर तथा सरह गांवों का तूफानी दौरा कर तटबंधों, संपर्क मार्गों और संभावित जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जन-जीवन की सुरक्षा है। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम को गांवों में लगातार भ्रमण करने, जलस्तर पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाव, राहत सामग्री, शरण स्थलों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किए जा सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगीनिरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह यादव, क्षेत्रीय लेखपाल रामजी, लेखपाल आशीष सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की सक्रियता और सतत निगरानी से बाढ़ संभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए अमृतपुर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है।


