फर्रुखाबाद। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को परिवहन विभाग ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। आरटीओ (प्रवर्तन) कानपुर राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में चार टीमों ने टैम्पो, ई-रिक्शा, मारुति वैन तथा निजी वाहनों से स्कूली बच्चों के परिवहन के खिलाफ सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 42 वाहनों का चालान किया गया, छह वाहनों को बंद (सीज) किया गया तथा कुल ₹4.35 लाख का जुर्माना लगाया गया।
अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत, यात्री/मालकर अधिकारी कानपुर देहात स्मिता वर्मा, औरैया मानवेन्द्र सिंह, कन्नौज सुनीता सैनी तथा यातायात उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय भी शामिल रहे।
चेकिंग के दौरान स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल बस का रंग पीला होना चाहिए, उस पर आगे-पीछे ‘स्कूल बस’ लिखा होना चाहिए तथा स्कूल का नाम और संपर्क नंबर अंकित होना आवश्यक है।
इसके अलावा बस में बीआईएस मानक के दो अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, प्रत्येक सीट पर सीट बेल्ट, स्कूल बैग रखने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, स्पीड गवर्नर, सुरक्षित खिड़कियां, बिना प्रेशर या मल्टीटोन हॉर्न तथा अनुभवी और वैध लाइसेंसधारी चालक होना अनिवार्य है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी फर्रुखाबाद के साथ-साथ कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया तथा कानपुर नगर की प्रवर्तन टीमों द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


