राजेपुर थाना क्षेत्र के नगला केवल गांव की घटना, पुलिस ने पंचनामा भरकर शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अमृतपुर
थाना क्षेत्र के ग्राम नगला केवल में शुक्रवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव निवासी कमला देवी (56 वर्ष), पत्नी जदुवीर सिंह का शव उनके ही घर के बरामदे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमला देवी लंबे समय से अपनी बाजू में एलर्जी की समस्या से परेशान बताई जा रही थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्होंने घर के बरामदे की दीवार में लगी एक कील से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। परिजनों ने उन्हें फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पंचों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की गई।थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है तथा पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


