33.2 C
Lucknow
Friday, July 24, 2026

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर आगरा प्रशासन मुस्तैद

Must read

 

*- प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं की होगी पुख्ता व्यवस्था*

*- बटेश्वर घाट पर गोताखोरों की तैनाती, मेट्रो प्रभावित रूटों पर लागू होगा विशेष डायवर्जन प्लान*

*- बिजली के खुले तारों को ठीक करने और रास्तों को गड्ढा मुक्त बनाने के सख्त निर्देश*

*आगरा, 24 जुलाई।* आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, नगर निगम, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी प्रमुख शिवालयों राजेश्वर महादेव, मनकामेश्वर, कैलाश महादेव, बल्केश्वर महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव, रावली महादेव और बटेश्वर नाथ तथा कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

*सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस*
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसरों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ- सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी खुले तार और करंट लीकेज की समस्या को तत्काल दूर किया जाए। नगर निगम और ग्राम पंचायतों को भी मंदिरों व मार्गों पर पेयजल, लाइट, डस्टबिन और एंटी- लार्वा छिड़काव की व्यवस्था करने को कहा गया है।

*बटेश्वर घाट और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारी*
बटेश्वर क्षेत्र में सावन के हर सोमवार को उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए घाटों पर पर्याप्त गोताखोर, नावें, फ्लड रेस्क्यू उपकरण और सुरक्षा जाली लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मंदिरों के पास मेडिकल टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड मुस्तैद रहेगी। इसके साथ ही, मेट्रो निर्माण कार्य के चलते प्रभावित रास्तों पर ट्रैफिक पुलिस को एक प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने के लिए कहा गया है।

*शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील*
इस बार श्रावण मास के दौरान 4 अगस्त को चेहल्लुम और 26 अगस्त को बारावफात का पर्व भी है। जिलाधिकारी ने सभी से एक- दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। बैठक में नगर आयुक्त संतोष वैश्य, एडीएम (नगर) यमुनाधर चौहान और एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article