फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के नगला केवल गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां लंबे समय से बीमारी से परेशान एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नगला केवल निवासी 56 वर्षीय कमला देवी, पत्नी जदुवीर सिंह, पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से बीमारी से परेशान थीं, जिससे वह मानसिक रूप से भी काफी व्यथित रहने लगी थीं।
शुक्रवार अपराह्न घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान कमला देवी घर के बरामदे में चली गईं और वहां उपलब्ध रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। कुछ समय बाद जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उन्हें नीचे उतारा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कराई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला बीमारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं तथा सभी का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ घर पर जुट गई, जहां हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
लंबी बीमारी से जूझ रही महिला ने जीवन लीला की समाप्त, परिवार में मचा कोहराम


