डीडीयू नगर: डीडीयू नगर में शुक्रवार को हिनौली चर्च स्कूल परिसर (Hinouli Church School premises) में इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई कराई गई। मामले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार, हिनौली चर्च स्कूल से संबंधित भूमि विवाद का मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन था। इस प्रकरण में जितेंद्र सोनी और देवी चंद्रिका प्रसाद पक्षकार बताए जा रहे हैं। न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के अनुपालन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई प्रारंभ कराई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव स्वयं मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने राजस्व विभाग की टीम के साथ पूरे अभियान की निगरानी की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट के आदेश का हर हाल में पालन कराया जाएगा और सरकारी अभिलेखों के अनुसार यदि किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि न्यायालय के आदेशों का पालन कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।


