अश्लील वीडियो बनाकर 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित दो लोगों से 20 लाख रुपये वसूलने का दावा
विशेष संवाददाता | यूथ इंडिया
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पुलिस ने कथित हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा करते हुए गणेश शंकर पांडे और कौशल्या नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का संचालन कथित तौर पर होटल जायसवाल से किया जा रहा था और मामले में होटल के एक कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि गिरोह एक युवक को होटल बुलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लेता था और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग करता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत दो लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे कथित तौर पर करीब 20 लाख रुपये वसूल लिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और होटल के कर्मचारी की संदिग्ध भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।


