लखनऊ। किसानों की विभिन्न समस्याओं और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई और खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही स्मार्ट मीटर की स्थापना, बढ़े हुए बिजली बिल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में असंतोष है और बिजली उपभोक्ताओं को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने राज्य सरकार से किसानों और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा खाद की निर्बाध उपलब्धता एवं बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रशासन ने मांगों को राज्यपाल तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।


