– एक माह बाद हुआ सनसनीखेज खुलासा
फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने लगभग एक महीने पहले रेलवे ट्रैक पर मिले युवती के शव की पहचान होने के बाद हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 20 वर्षीय पुष्पा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि 42 वर्षीय गंगासागर, जो मृतका का पड़ोसी होने के साथ रिश्ते में उसका चाचा भी लगता था, लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि सामाजिक बदनामी और संबंध उजागर होने के डर से उसने युवती की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पूरी साजिश रची। पहले युवती की गुमशुदगी का माहौल बनाया गया और फिर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि मामला ट्रेन हादसे या आत्महत्या जैसा दिखाई दे। हालांकि पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गंगासागर, उसके बेटे और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


